रायपुर, देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने “प्रधान सेवक” की भावना के साथ देश की सेवा करते हुए भारत को विकास, आत्मनिर्भरता, सुशासन और वैश्विक नेतृत्व की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शासन की कार्यशैली को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने विकास को केवल शहरों तक सीमित न रखकर गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं, जनजातीय समाज और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि “अंत्योदय” की भावना को केंद्र में रखकर केंद्र सरकार ने ऐसी योजनाएं लागू कीं, जिनका सीधा लाभ करोड़ों भारतीयों को मिला है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास से भरा हुआ राष्ट्र बन चुका है। देश ने मजबूत अर्थव्यवस्था, डिजिटल क्रांति, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। दुनिया में भारत की साख लगातार बढ़ी है और वैश्विक मंचों पर भारत की आवाज पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली हुई है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत @2047” का संकल्प अब केवल एक विजन नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक आकांक्षा बन चुका है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का सबसे सकारात्मक प्रभाव छत्तीसगढ़ के आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों में देखने को मिला है। दशकों तक नक्सल हिंसा और पिछड़ेपन से प्रभावित रहे बस्तर एवं अन्य वन क्षेत्रों में अब विकास और विश्वास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। सड़कों का जाल, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, शिक्षा सुविधाओं की पहुंच, मोबाइल नेटवर्क और बैंकिंग सेवाओं का विस्तार इन क्षेत्रों में नई उम्मीद लेकर आया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, वहीं आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, हर घर जल योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की सुविधा पहुंचाई और जन-धन योजना ने देश के करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने देश में तकनीक आधारित पारदर्शी शासन व्यवस्था को मजबूत किया है। आज सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार में कमी आई है और शासन अधिक जवाबदेह बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच ने प्रशासन को संवेदनशील और जनहितकारी बनाया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस विचार को केवल नारा नहीं रहने दिया बल्कि इसे शासन और नीति निर्माण का आधार बनाया। यही कारण है कि आज देश सामाजिक समावेशन और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी नई पहचान बनाई है। जी-20 जैसे वैश्विक आयोजनों में भारत की सफल मेजबानी और दुनिया के बड़े देशों के साथ मजबूत संबंध इस बात का प्रमाण हैं कि भारत अब वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था में निर्णायक भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रधानमंत्री मोदी के विजन को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में गरीब कल्याण, कृषि विकास, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा और विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।
