कोरबा। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा द्वारा आयोजित नि:शुल्क मानसिक रोग निवारण स्वास्थ्य शिविर में प्रसिद्ध क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनीता खंडूरी ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। दो दिवसीय इस विशेष शिविर में मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, पारिवारिक समस्याओं और व्यक्तिगत परामर्श से जुड़ी परेशानियों को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां उन्हें विशेषज्ञ परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया गया।
यह विशेष स्वास्थ्य शिविर 16 एवं 17 मई 2026 को जैन भवन, पुराना बस स्टैंड कोरबा में आयोजित किया गया, जिसमें मुंबई के नायर हॉस्पिटल एवं प्रफुल्लता साइकोलॉजिकल सेंटर से जुड़ी क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनीता खंडूरी ने मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
तनाव, चिंता और अवसाद से जूझ रहे लोगों को मिला संबल
शिविर में पहुंचे लोगों को मानसिक तनाव, डिप्रेशन, पारिवारिक कलह, बच्चों के व्यवहार में बदलाव, युवाओं में बढ़ती चिंता, कार्यस्थल के दबाव और सामाजिक समस्याओं से जुड़ी परेशानियों पर विस्तार से परामर्श दिया गया। श्रीमती विनीता खंडूरी ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि छोटी-छोटी मानसिक समस्याएं समय रहते उपचार नहीं मिलने पर गंभीर रूप ले सकती हैं। उन्होंने लोगों को सकारात्मक सोच अपनाने, परिवार के साथ संवाद बढ़ाने, योग एवं ध्यान को जीवनशैली में शामिल करने तथा तनावमुक्त जीवन जीने के उपाय बताए। शिविर में आए लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें पहली बार मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला।
मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित हुआ शिविर
भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में मरीजों का पंजीयन कर व्यवस्थित रूप से परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन को सफल बनाने में चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल, वाइस चेयरमैन राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगडिय़ा एवं जिला प्रतिनिधि राज्य शाखा योगेश जैन सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
समाज में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल
शहर के सामाजिक एवं बुद्धिजीवी वर्ग ने इस शिविर को अत्यंत उपयोगी और जनहितकारी पहल बताया। लोगों का कहना है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में इस प्रकार के शिविर समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की इस पहल को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा गया तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने संस्था के इस मानवसेवी प्रयास की सराहना की। शिविर में पहुंचे लोगों ने कहा कि श्रीमती विनीता खंडूरी द्वारा दिए गए परामर्श और मार्गदर्शन से उन्हें मानसिक रूप से मजबूती मिली और जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा प्राप्त हुई।
खंडूरी ने लोगों को जागरूक किया मानसिक स्वास्थ्य के प्रति
Keep Reading
Owner & Editor
Shatrughan Sahu
Email: vandechhattisgarhmedia@gmail.com
Mobile: +91-7999110783
Address:
Main Road, Dadar Khurd, Korba, Chhattisgarh – 495677
Disclaimer
Vande Chhattisgarh Media एक न्यूज पोर्टल है, पोर्टल में छत्तीसगढ़ की खबरें प्राथमिकता से प्रकाशित की जाती है, जिसमें जनहित की सूचनाएं,प्रशासनिक , क्राइम , राजनीतिक घटनाओ के साथ समसामयिक घटनाओं पर अधारित खबरें प्रकाशित की जाती है। साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार / फोटो / विडियो आदि) शामिल होगी। Vande Chhattisgarh Media इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदारी नहीं स्वीकार करता है। साईट में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, इसके लिए vandechhattisgarhmedia.com या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी। सभी विवादों का न्याय क्षेत्र कोरबा होगा।
