रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ इस वर्ष एक विशेष संदेश के साथ योगमय होने जा रहा है। 21 जून को पूरे प्रदेश में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर सामूहिक योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन ने जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक इसकी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार का आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज को योग के माध्यम से दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की प्रेरणा भी देगा।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योग के महत्व का संदेश देंगे।
रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में होगा मुख्य आयोजन
राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके नेतृत्व में हजारों लोग एक साथ योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
वहीं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले में सुबह 7 बजे आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। मुख्यमंत्री की उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक विशेष बनाएगी।
विभिन्न जिलों में मंत्री और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि होंगे मुख्य अतिथि
राज्य शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव दुर्ग तथा उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा कबीरधाम जिले में योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं प्रदेश के विभिन्न मंत्री अलग-अलग जिलों में योग दिवस समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।
कोरिया जिले में मंत्री श्री रामविचार नेताम, महासमुंद में श्री दयालदास बघेल, सुकमा में श्री केदार कश्यप, कांकेर में श्री लखन लाल देवांगन, जांजगीर-चांपा में श्री ओ.पी. चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में श्री टंकराम वर्मा तथा बलरामपुर-रामानुजगंज में मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
इसी प्रकार जशपुर जिले में श्री राजेश अग्रवाल, कोरबा में श्री गुरु खुशवंत साहेब और बालोद में श्री गजेन्द्र यादव योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
सांसद और विधायक भी निभाएंगे अहम भूमिका
योग दिवस के आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के सांसदों और विधायकों को भी विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद श्री विजय बघेल तथा मोहला-मानपुर-चौकी जिले में सांसद श्री संतोष पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा सूरजपुर में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, गरियाबंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, रायगढ़ में सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जांजगीर में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, नारायणपुर में सांसद श्री महेश कश्यप और कोण्डागांव में सांसद श्री भोजराज नाग कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।
वहीं बीजापुर में विधायक सुश्री लता उसेंडी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में विधायक श्री ललित चंद्राकर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची, मुंगेली में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में विधायक श्री अजय चंद्राकर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में श्रीमती रेणुका सिंह, बस्तर में श्री किरण सिंह देव तथा दंतेवाड़ा में श्री चैतराम अटामी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
योग के माध्यम से स्वस्थ और दीर्घायु जीवन का संदेश
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” विशेष रूप से लोगों को यह संदेश देती है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और लंबी आयु का आधार है। बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक ऐसा माध्यम बनकर उभरा है जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करता है।
छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास है कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनजीवन की दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए। यही कारण है कि ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज का प्रत्येक वर्ग इससे जुड़ सके।
अंतिम चरण में तैयारियां, प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
राज्य के सभी जिलों में जिला प्रशासन की निगरानी में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। योग स्थलों की व्यवस्था, प्रतिभागियों के बैठने की सुविधा, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष लाखों लोग योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लेंगे।
21 जून को पूरा छत्तीसगढ़ योगमय वातावरण में एक नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा बल्कि समाज को एकजुट होकर स्वस्थ भविष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा भी देगा।
