कोरबा (वंदे छत्तीसगढ़ मीडिया) । कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11201/11202) का विस्तार मनेन्द्रगढ़ तक किए जाने की मांग की है। सांसद ने इस मांग को जनहित से जुड़ा बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
13 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में सांसद महंत ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस रेल सेवा के विस्तार की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह ट्रेन शहडोल स्टेशन पर लगभग सात घंटे तक खड़ी रहती है, ऐसे में इसी समय का उपयोग करते हुए इसे मनेन्द्रगढ़ तक चलाया जा सकता है। इससे रेलवे पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी नहीं पड़ेगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
10 लाख से अधिक लोगों को होगा फायदा
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि यदि ट्रेन का विस्तार किया जाता है तो कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), चिरमिरी, खड़गवां, सरगुजा सहित मध्यप्रदेश के अनूपपुर, कोतमा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन क्षेत्रों के लोगों को नागपुर जाने के लिए कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है या लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।
नागपुर से शिक्षा, इलाज और रोजगार के लिए बढ़ेगी सुविधा
पत्र में सांसद महंत ने यह भी कहा कि नागपुर मध्य भारत का प्रमुख चिकित्सा, शिक्षा, उद्योग और व्यापारिक केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग नागपुर आते-जाते हैं।
यदि मनेन्द्रगढ़ तक सीधी रेल सेवा शुरू होती है तो लोगों की यात्रा आसान होगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
तकनीकी रूप से भी संभव बताया विस्तार
सांसद ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि विशेषज्ञों के अनुसार मनेन्द्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, ट्रैक और परिचालन से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं। इसलिए इस ट्रेन का विस्तार तकनीकी और परिचालन की दृष्टि से पूरी तरह संभव है।
उन्होंने यह भी कहा कि इससे रेलवे के यात्रीभार और राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
रेल मंत्री से जल्द निर्णय लेने का आग्रह
सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस (11201/11202) का विस्तार मनेन्द्रगढ़ तक करने के लिए आवश्यक स्वीकृति जल्द प्रदान की जाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से करीब 10 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
